Shahjahanpur News : शाजहांपुर में पार्षदों ने रिश्वत की कमाई मिल-बांटकर खाने की कसम खाई, वीडियो वायरल होने पर मचा हंगामा
पार्षदों का वीडियो वायरल होने के बाद नगरायुक्त ने बिठाई जांच,
"नगर निगम से होने वाली कमाई को सभी 60 पार्षदों में बराबर-बराबर बांटा जाएगा। अगर ग्रुप के किसी भी सदस्य के सामने कोई परेशानी आती है-तो सभी लोग एकजुट होकर उसके साथ खड़े होंगे। मदद करेंगे। "
अमृत विचार : यूपी के शाहजहांपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगर निगम के पार्षद कथित रूप से रिश्वत की कमाई आपस में मिल-बांटकर खाने की कसमें खा रहे हैं। रिश्वतोखरी की शपथ से जुड़ा वीडियो वायरल होने पर हंगामा खड़ा हो गया है। नगरायुक्त ने मामले पर जांच बिठा दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई लोग हाथ में जल लेकर शपथ लेते देखे जा रहे हैं। एक व्यक्ति शपथ दिला रहा है। बाकी उसके पीछे शपथ ले रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि शपथ लेने वाले नगर निगम के पार्षद हैं। हालांकि वीडियो की अधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
60 पार्षदों में बंटेगी कमाई
वीडियो में एक व्यक्ति को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा रहा है कि नगर निगम से होने वाली कमाई को सभी 60 पार्षदों में बराबर-बराबर बांटा जाएगा। अगर ग्रुप के किसी भी सदस्य के सामने कोई परेशानी आती है-तो सभी लोग एकजुट होकर उसके साथ खड़े होंगे। मदद करेंगे।
वीडियो में 'गद्दार' बताए जाने वाले किसी व्यक्ति की मां के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। वीडियो के प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया पर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं।
तीन साल में कौन बना रईस
कुछ पोस्ट और कॉमेंट में पार्षदों के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सवाल भी उठाया गया कि तीन साल पहले तक एक मकान के मालिक रहे पार्षद के पास अब कथित तौर पर कई मकान और महंगी गाड़ियां कैसे हैं।
वायरल वीडियो पर हंगामा मचने के बाद नगर आयुक्त सौम्या गुरु रानी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि वायरल वीडियो नवंबर 2025 का बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उस समय नगर आयुक्त कोई अन्य अधिकारी थे लेकिन मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें-बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बखेड़ा, तीन थानों की फोर्स लेकर पहुंचे एसपी
