Badaun News : बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बखेड़ा, तीन थानों की फोर्स लेकर पहुंचे एसपी
ग्रामीणों ने दो पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए शुरू कर दिया धरना
घटनाक्रम फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव का है। मंगलवार को ग्रामीण ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे। ईंटों समेत अन्य सामान भी मंगा लिया गया था। इसी को लेकर विवाद हो गया। एसडीएम बिसौली और सीओ भी पहुंच गए।
अमृत विचार : बदायूं में ग्राम समाज की भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर भारी बखेड़ा खड़ा हो गया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से तनाव की स्थिति पैदा हो गई। ग्रामीणों ने दो पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी भनक लगते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घंटों तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास चला।
घटनाक्रम फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव का है। मंगलवार को ग्रामीण ग्राम समाज की भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे। ईंटों समेत अन्य सामान भी मंगा लिया गया था। इसी को लेकर विवाद हो गया। एसडीएम बिसौली और सीओ भी पहुंच गए। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से यहां विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों ने पुलिस के दो जवानों पर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। वे वहीं धरने पर बैठ गए।
मामला तूल पकड़ने लगा। सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया भी सीकरी गांव पहुंच गए। अधिकारियों ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। हालांकि प्रतिमा कैसे क्षतिग्रस्त हुई, इस पर स्थिति साफ नहीं हुई है, न ही ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की अधिकारिक तौर पर पुष्टि हो सकी।
तीन थानों से पहुंची फोर्स
सीकरी गांव में प्रतिमा विवाद की सूचना पर तीन थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में यहां हालात सामान्य करने की कोशिशें हुईं। अधिकारियों ने ग्रामणों को समझाकर मामला शांत कर दिया। पुलिस नजर बनाए है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। एसपी ग्रामीण ने कहा कि अगर किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति नहीं लगेगी प्रतिमा
ग्राम समाज की भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने के विवाद को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के प्रतिमा स्थापित नहीं होगी। स्थापना के लिए संबंधित अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी।
