Bahraich News : शादी में शामिल होने निकली 55 वर्षीय महिला को मगरमच्छ ने बनाया निवाला, सरयू नहर से मिला शव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में सरयू नहर में मगरमच्छ के हमले से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला शनिवार शाम शादी समारोह में जाने के लिए घर से निकली थीं और रविवार सुबह उनका शव मगरमच्छ के मुंह में दबा मिला। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बहराइच, अमृत विचार। जिले के थाना सुजौली क्षेत्र और रेंज निशानगाड़ा अंतर्गत सरयू नहर में मगरमच्छ के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। रविवार सुबह ग्रामीणों ने मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने किसी तरह मगरमच्छ के चंगुल से शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

मृतका की पहचान केतकी (55) पत्नी रमेश, निवासी मोहकमपुरवा, ग्राम पंचायत चफरिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, केतकी शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए।

रविवार सुबह करीब नौ बजे सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर रमपुरवा गांव के पास ग्रामीणों ने नहर में मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद शव को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मगरमच्छ महिला का एक पैर खा चुका था और शरीर पर कई गहरे जख्म थे।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने एसआई मारकंडे मिश्रा और सत्तार को मौके पर भेजा। लेखपाल अरुण कुमार तथा ग्राम प्रधान अजीज अहमद की मौजूदगी में शव की शिनाख्त कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। महिला का शव उसके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद हुआ। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

यह भी पढ़ें:-Bahraich Accident News : रोडवेज बस और सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, चालक की मौत; 11 यात्री घायल

संबंधित समाचार