UP School Calendar July 2026: पढ़ाई, यूनिट टेस्ट, बोर्ड तैयारी और करियर काउंसिलिंग पर रहेगा पूरा फोकस
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में जुलाई 2026 का महीना विद्यार्थियों के लिए बेहद व्यस्त रहने वाला है। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार इस महीने नियमित कक्षाओं के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारियों, यूनिट टेस्ट, करियर काउंसिलिंग, डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विभाग के निर्देशों के मुताबिक कक्षा 9 से 12 तक नियमित शिक्षण कार्य जारी रहेगा। इसी दौरान नए प्रवेशों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के बोर्ड परीक्षा आवेदन पत्रों का सत्यापन किया जाएगा, जबकि कक्षा 11 के छात्रों का पंचम पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा छात्रवृत्ति योजनाओं के आवेदन भी कराए जाएंगे।
जुलाई के दूसरे सप्ताह में कक्षा 9 से 12 तक प्रथम यूनिट टेस्ट आयोजित होगा। परीक्षा में अप्रैल से जुलाई के पहले सप्ताह तक पढ़ाए गए पाठ्यक्रम के साथ मई माह में दिए गए गृहकार्य का भी मूल्यांकन किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का समय पर आकलन कर शिक्षण गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।
इस महीने विद्यालयों में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस, संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, वन महोत्सव, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान और साइकोमेट्रिक टेस्ट आधारित करियर काउंसिलिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान के तहत विद्यार्थियों को अरुणाचल प्रदेश और मेघालय की संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। स्कूलों में स्काउट-गाइड, योग, खेलकूद और डिजिटल शिक्षण गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कहा कि जुलाई का शैक्षणिक कैलेंडर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें पढ़ाई के साथ मूल्यांकन, डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण और करियर मार्गदर्शन को समान महत्व दिया गया है।
