Bahraich News : पयागपुर की निशानेबाज आकृति शर्मा का एक और कमाल, भोपाल के बाद अब पटियाला में जीता स्वर्ण पदक
बहराइच के पयागपुर की युवा निशानेबाज आकृति शर्मा ने पटियाला में आयोजित 33वीं डिस्ट्रिक्ट श्रृंखला के टीम मैच में स्वर्ण पदक जीतकर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। इससे पहले भोपाल में भी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम के ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया था।
पयागपुर (बहराइच), अमृत विचार। बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र के पैतौरा गांव की होनहार निशानेबाज आकृति शर्मा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भोपाल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने पटियाला में आयोजित 33वीं डिस्ट्रिक्ट श्रृंखला के टीम मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
आकृति ने खेल सत्र 2026-27 की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए टीम स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आकृति सेना में सूबेदार किशन कुमार शर्मा की पुत्री हैं और वर्तमान में पटियाला के आर्मी पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा हैं। वह मार्च 2025 से 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग का नियमित और कड़ा अभ्यास कर रही हैं।
इससे पहले भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में आकृति ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक अंक हासिल किए थे। इस उपलब्धि के दम पर उन्होंने भारतीय टीम के ट्रायल के लिए भी क्वालीफाई किया था। लगातार मिल रही सफलताओं से उत्साहित आकृति अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना संजोए हुए हैं।
परिवार के सदस्य ओम प्रकाश शर्मा, शानू शर्मा, योगेंद्र शर्मा और लालिंदर शर्मा ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय जर्सी पहनकर देश के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतना है। आकृति की लगातार सफलता से न केवल उनके पैतृक गांव पैतौरा, बल्कि पूरे बहराइच जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
