Barabanki News: मजदूर महिला के खाते से बिना जानकारी 51.96 लाख का लेन-देन, कर्नाटक साइबर पुलिस की नोटिस से हुआ खुलासा
बाराबंकी। शहर की एक मजदूर महिला के बैंक खाते का कथित रूप से उसकी जानकारी के बिना दुरुपयोग कर करीब 51.96 लाख रुपये का लेन-देन किए जाने का मामला सामने आया है। कर्नाटक की साइबर क्राइम पुलिस से नोटिस मिलने के बाद पीड़िता को पूरे मामले की जानकारी हुई।
बाराबंकी, अमृत विचार। शहर की एक मजदूर महिला के बैंक खाते का कथित रूप से उसकी जानकारी के बिना दुरुपयोग कर करीब 51.96 लाख रुपये का लेन-देन किए जाने का मामला सामने आया है। कर्नाटक की साइबर क्राइम पुलिस से नोटिस मिलने के बाद पीड़िता को पूरे मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
बस अड्डा स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी नैन्सी गौतम ने बताया कि वह अपने पति के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनका बैंक खाता बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नाका सतरिख शाखा में एक परिचित महिला के कहने पर खुलवाया गया था।
आधार लिंक मोबाइल और एटीएम कार्ड नहीं मिला
पीड़िता का आरोप है कि खाता खोलने के दौरान बैंक में मौजूद एक युवती ने उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो समेत अन्य दस्तावेज ले लिए। साथ ही आधार से लिंक मोबाइल सिम अपने पास रख लिया और खाते का एटीएम कार्ड भी उन्हें नहीं दिया। इतना ही नहीं, उनके नाम से यूपीआई भी संचालित कर लिया गया, जिसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।
कर्नाटक साइबर पुलिस की नोटिस से हुआ खुलासा
नैन्सी गौतम के अनुसार उन्होंने अपने खाते से कभी कोई लेन-देन नहीं किया। 28 जून को उन्हें कर्नाटक के रायचूर स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से एक नोटिस प्राप्त हुआ, जिसमें उनके बैंक खाते से करीब 51.96 लाख रुपये के लेन-देन का उल्लेख था। नोटिस मिलने के बाद जब उन्होंने बैंक से खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो यूपीआई सहित अन्य माध्यमों से हुए कई संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
घटना से स्तब्ध और परेशान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। एसपी ने मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब पुलिस और संबंधित एजेंसियां बैंक खाते के संचालन, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हैं।
