कानपुर RTO में क्राइम ब्रांच का छापा, दोनों गेट बंद कर डाली घेराबंदी; ड्रोन से निगरानी, कई दलाल हिरासत में

Amrit Vichar Network
On

कानपुर RTO कार्यालय में क्राइम ब्रांच ने सोमवार को अचानक छापा मारा। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने दोनों गेट बंद कर परिसर की घेराबंदी की। ड्रोन से निगरानी के दौरान कई दलालों को पकड़ा गया, जबकि कैश काउंटर की भी जांच की जा रही है।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) में सोमवार दोपहर क्राइम ब्रांच की अचानक छापेमारी से हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने आरटीओ कार्यालय और सारथी भवन को अपने घेरे में ले लिया। परिसर के दोनों गेट बंद कर आवाजाही रोक दी गई। कार्रवाई के दौरान ड्रोन से भी निगरानी की गई और कई संदिग्ध दलालों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।

दोपहर करीब दो बजे पहुंची टीम, गेट किए बंद

जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 2 बजे क्राइम ब्रांच की टीम भारी पुलिस बल के साथ आरटीओ कार्यालय पहुंची। टीम ने पूरे परिसर को घेर लिया और आरटीओ कार्यालय व सारथी भवन के दोनों गेट बंद करा दिए। इसके बाद किसी को भी परिसर से बाहर जाने या अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई।

ड्रोन से निगरानी, दलालों में मचा हड़कंप

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ड्रोन के जरिए परिसर और आसपास के इलाके की निगरानी की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आरटीओ परिसर में सक्रिय कई दलाल अपनी दुकानें छोड़कर मौके से भाग निकले। वहीं टीम ने कई दलालों को पकड़ लिया। क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमें उनसे पूछताछ कर रही हैं। पकड़े गए लोगों के दस्तावेजों और आरटीओ परिसर में उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

कैश काउंटर की भी जांच

कार्रवाई के बीच एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार के चेंबर के सामने स्थित छह नंबर कमरे में एसडीएम सदर द्वारा कैश काउंटर की जांच की जा रही है। इसी काउंटर पर फिटनेस समेत अन्य कार्यों से संबंधित रकम जमा की जाती है। फिलहाल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई जारी है। छापेमारी के पीछे की वजह और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

खबर अपडेट हो रही है

यह भी पढ़ें:-Hardoi News : सावन के आखिरी सोमवार को सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजा बिबियापुर धानी नगला

 

 

संबंधित समाचार