IND vs SL 2nd Test: भारत ने 503/9 पर घोषित की पारी, ध्रुव जुरेल का शतक; श्रीलंका की पारी बारिश से रुकी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

देवदत्त पड्डिकल के बाद ध्रुव जुरेल ने भी जड़ा शानदार शतक, ऋषभ पंत ने चोट के बावजूद 63 रन बनाए। भारत ने पहली पारी 503 रन पर घोषित की।

कोलंबो: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित कर दी। भारतीय पारी में देवदत्त पड्डिकल और ध्रुव जुरेल ने शतक जड़े, जबकि चोट से वापसी करने वाले ऋषभ पंत ने 63 रन की अहम पारी खेली।

पड्डिकल ने संभाली पारी, गिल के साथ शतकीय साझेदारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को 37 रन के स्कोर पर केएल राहुल के रूप में पहला झटका लगा। राहुल 33 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 29 रन जोड़े। जायसवाल 53 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद पड्डिकल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। गिल ने 6 चौकों की मदद से 50 रन बनाए। वहीं पड्डिकल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 चौकों के साथ 117 रन बनाए।

चोट के बाद पंत ने की शानदार वापसी

ऋषभ पंत पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन 15 गेंद खेलने के बाद चोटिल हो गए। 58वें ओवर में लाहिरू कुमारा की गेंद उनकी बाएं हाथ की कलाई पर लगी। तेज दर्द के कारण पंत 3 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।

उनकी जगह रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी करने आए और 43 रन का योगदान दिया। हालांकि, दूसरे दिन पंत दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर लौटे।

पंत और जुरेल ने जोड़े 112 रन

दूसरे दिन पंत ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और दोनों के बीच 112 रन की साझेदारी हुई। पंत 112.1 ओवर में केशरा नुवानथा की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 63 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

इसके बाद भारत ने मानव सुथार का विकेट 18 रन के स्कोर पर गंवाया। 131.2 ओवर में भारत का स्कोर 8 विकेट पर 475 रन था, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।

ध्रुव जुरेल ने जड़ा शानदार शतक

खेल दोबारा शुरू होने के बाद 137वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज 3 रन बनाकर आउट हुए। सिराज और जुरेल के बीच 31 रन की साझेदारी हुई।

इसके बाद भारत ने 11 गेंद बाद अपनी पारी घोषित कर दी। ध्रुव जुरेल 115 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रसिद्ध कृष्णा 4 रन बनाकर नाबाद रहे।

फर्नांडो को मिले चार विकेट

श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट चटकाए। प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा को 2-2 विकेट मिले, जबकि लाहिरू कुमारा ने एक विकेट हासिल किया।

श्रीलंका की पारी भी बारिश से रुकी

भारत की पारी घोषित होने के बाद श्रीलंका ने अपनी पहली पारी शुरू की। मेजबान टीम की ओर से लाहिरू उदारा और कामिल मिशारा बल्लेबाजी के लिए उतरे।

लाहिरू उदारा ने मोहम्मद सिराज की केवल दो गेंदों का सामना किया था कि बारिश ने एक बार फिर खेल में खलल डाल दिया और मुकाबला रोकना पड़ा।

यह भी पढ़ेंः IND vs SL 2nd Test: मैदान पर भिड़ेयशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो, ICC ने दोनों को दी सजा

संबंधित समाचार