नीरज चोपड़ा से सिर्फ 9 सेंटीमीटर आगे निकले पथिरागे, लुसाने डायमंड लीग में श्रीलंकाई स्टार ने जीता खिताब
88.05 मीटर के थ्रो के साथ नीरज दूसरे स्थान पर, एक साल से ज्यादा समय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन; डायमंड लीग फाइनल की उम्मीदें मजबूत
लुसाने: भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.05 मीटर का थ्रो किया, लेकिन श्रीलंका के उभरते सितारे रमेश पथिरागे ने उनसे महज नौ सेंटीमीटर बेहतर प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम कर लिया। पथिरागे ने अपने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर का भाला फेंका।
नीरज का 88.05 मीटर का प्रदर्शन इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। साथ ही, यह पिछले साल जून के बाद उनका सबसे लंबा थ्रो है। उन्होंने जून 2025 में पेरिस डायमंड लीग जीतते हुए 88.16 मीटर का थ्रो किया था।
दूसरे प्रयास में नीरज ने मारी बाजी, लेकिन पथिरागे ने तुरंत पलटा पासा
नौ खिलाड़ियों के मुकाबले में नीरज ने 83.54 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की। इसके बाद अपने दूसरे ट्राय में उन्होंने 88.05 मीटर का शानदार थ्रो किया और कुछ समय के लिए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
हालांकि, श्रीलंकाई खिलाड़ी रमेश पथिरागे ने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर का थ्रो किया, जिससे नीरज को महज 0.09 मीटर यानी नौ सेंटीमीटर से उन्होंने पीछे छोड़ दिया। इसके बाद दूसरा कोई भी प्लेयर इस दूरी से आगे नहीं बढ़ सका और पथिरागे ने खिताब जीत लिया।
इस सीजन में तीसरी बार नीरज को पीछे छोड़ा
23 साल के पथिरागे का इस साल नीरज चोपड़ा के खिलाफ दबदबा जारी है। यह लगातार तीसरा मौका है जब उन्होंने भारतीय स्टार प्लेयर को हराया है।
इससे पहले पथिरागे ने दोहा डायमंड लीग और ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भी नीरज को इन्होंने पीछे छोड़ा था। दोनों प्रतियोगिताओं में पथिरागे विजेता रहे थे, जबकि नीरज क्रमशः चौथे और दूसरे स्थान पर रहे थे।
नीरज का प्रदर्शन रहा शानदार
नीरज ने प्रतियोगिता में 83.54 मीटर के साथ शुरुआत की। दूसरे प्रयास में उन्होंने 88.05 मीटर की दूरी हासिल की। तीसरे प्रयास में उनका थ्रो 83.72 मीटर रहा, जबकि चौथे प्रयास में उन्हें नो मार्क मिला।
उन्होंने पांचवां प्रयास नहीं किया। छठे और अंतिम प्रयास में नीरज ने 82.15 मीटर का थ्रो किया।
नीरज ने मुकाबले के बाद कहा कि उन्हें यह अहसास नहीं था कि शीर्ष स्थान का अंतर सिर्फ नौ सेंटीमीटर का रहा। उन्होंने 88 मीटर से अधिक का थ्रो करने पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपना प्रदर्शन सहज महसूस हुआ और उन्होंने अपनी तकनीक पर भी काम किया।
एंडरसन पीटर्स तीसरे, वालकॉट चौथे स्थान पर
ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने अपने छठे और लास्ट ट्राय में 86.69 मीटर का थ्रो करके तीसरा स्थान हासिल किया। त्रिनिदाद और टोबैगो के मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकॉट 83.71 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ चौथे स्थान पर रहे।
विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन 78.13 मीटर के साथ छठे और तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज 77.32 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहे।
डायमंड लीग फाइनल की राह हुई आसान
लुसाने में दूसरे स्थान पर रहने से नीरज चोपड़ा की डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को मजबूती मिली है। वह रैंकिंग में सातवें स्थान से आगे बढ़कर शीर्ष पांच में पहुंच गए हैं।
डायमंड लीग फाइनल चार और पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होना है। इसमें रैंकिंग के शीर्ष छह खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पथिरागे और एंडरसन पीटर्स पहले ही फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।
अब 27 अगस्त को ज्यूरिख में एक और डायमंड लीग प्रतियोगिता होनी है, जो नीरज के लिए फाइनल में जगह पक्की करने के लिहाज से अहम होगी।
2022 में चैंपियन रह चुके हैं नीरज
नीरज चोपड़ा ने 2022 में डायमंड लीग फाइनल का खिताब जीता था। इसके बाद वह 2023, 2024 और 2025 में उपविजेता रहे।
लुसाने में 88.05 मीटर का प्रदर्शन उनके लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक साल से अधिक समय में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो है। महज नौ सेंटीमीटर से खिताब चूकने के बावजूद नीरज ने अपनी मौजूदा फॉर्म में सुधार के संकेत दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः एक मैच में विकेट कम क्या मिले..., कुलदीप पर उठे सवालों का कोच ने दिया करारा जवाब
