Auraiya News: नीमहार मोड़ पर आमने-सामने भिड़ीं बाइक और स्कार्पियो, बिजली विभाग के कर्मचारी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम; टायर फटने के बाद वाहन छोड़कर भागा चालक

बेला/औरैया, अमृत विचार। बेला-दिबियापुर मार्ग पर नीमहार मोड़ के सामने शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कन्नौज जनपद के सकरावा थाना क्षेत्र के नगला खेमकरन निवासी उदय प्रताप (30-35) पुत्र वृंदावन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी सहार भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि उदय प्रताप बाइक से बेला की ओर जा रहे थे। वह सहार में रह रही अपनी पत्नी प्रीति से मिलने आए थे। नीमहार मोड़ के सामने सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक और स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गईं और उदय प्रताप उछलकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे।

हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद वाहन का अगला टायर फट गया। चालक स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि वाहन में महिला और बच्चे भी सवार थे, जो पीछे से आई कार से चले गए।

सूचना पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अनिलेश कुमार, मुख्य आरक्षी अनिल कुमार, आरक्षी विशाल तंवर और अंकुश ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी सहार भेजा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया।

परिजनों के अनुसार उदय प्रताप करीब आठ वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और सौरिख क्षेत्र में तैनात थे। उनकी शादी वर्ष 2010 में प्रीति से हुई थी। उनके दो बेटे दीपांशु (13) और मयंक (8) हैं। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

उदय प्रताप तीन भाइयों में मंझले थे। उनके बड़े भाई मुनीश कुमार और छोटे भाई पवन कुमार हैं। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई है। दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः 55 साल पुराना कांग्रेस का ठिकाना खाली, घंटाघर पर प्रशासन का ताला; हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत

संबंधित समाचार