रील के चक्कर में सांप के मुंह में डाल दी उंगली! युवक को एक-दो नहीं, तीन बार डंसा
औरैया के अछल्दा में हैरान करने वाला मामला, सांप पकड़ते समय भी नहीं माना युवक; खून निकलने के बाद छोड़ा
अछल्दा(औरैया), अमृत विचार। सोशल मीडिया पर रील बनाने और वीडियो के चक्कर में युवक जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसा ही मामला शुक्रवार शाम करीब पांच बजे अछल्दा के सराय बाजार में सामने आया। यहां निवासी ऋषि पोरवाल (21) पुत्र अमित पोरवाल फाटक के पास निकले सांप को पकड़ने लगे। इसी दौरान सांप ने युवक को डंस लिया, लेकिन इसके बावजूद युवक ने सांप को नहीं छोड़ा।
बताया गया कि रील बनाने के चक्कर में युवक ने सांप के मुंह में अपनी उंगली डाल दी। इससे सांप फुफकारने लगा और उसने युवक को दोबारा डंस लिया। सांप ने युवक को करीब तीन बार काटा। जब युवक की उंगली से खून बहने लगा, तब उसने सांप को छोड़ दिया।
हैरानी की बात यह रही कि सांप के काटने के बाद युवक को तत्काल कोई परेशानी महसूस नहीं हुई और वह उपचार के लिए अस्पताल भी नहीं गया। घटना के बाद लोगों ने युवक के इस तरह सांप के साथ जोखिम उठाने पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए इस तरह जान जोखिम में डालना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
