पौड़ी में खेल महाकुंभ का बिगुल! सितंबर में तीन स्तरों पर भिड़ेंगे खिलाड़ी, जीतने वालों पर होगी इनामों की बारिश
न्याय पंचायत से संसदीय क्षेत्र तक होगा खेलों का महासंग्राम
पौड़ी में खेल महाकुंभ का आयोजन सितंबर में तीन स्तरों पर होगा। अंडर-14 और अंडर-19 खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। न्याय पंचायत स्तर से शुरू होकर मुकाबले संसदीय क्षेत्र तक पहुंचेंगे और विजेताओं को नकद पुरस्कार, मेडल व प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
पौड़ी। उत्तराखंड के जनपद पौड़ी में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ का आयोजन तीन स्तरों पर किया जाएगा। न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र और संसदीय क्षेत्र स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिन्हित करने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने शनिवार को बताया कि खेल महाकुंभ में अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे। न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर तक होंगी। इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता होगी। इसमें न्याय पंचायत स्तर पर चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट के साथ वॉलीबॉल व पिट्ठू प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। संसदीय क्षेत्र स्तर पर 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता होगी। इसमें विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्ठू के अलावा मलखंब, रस्सा-कस्सी, गोली-कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जीतने वालों को मिलेगा नकद पुरस्कार
खेल महाकुंभ के प्रत्येक स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये मिलेंगे। विधानसभा स्तर पर यह राशि 500, 400 और 300 रुपये होगी, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेताओं को 800, 600 और 400 रुपये दिए जाएंगे। विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर क्रमशः विधायक व सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा।
