Bareilly News : बरेली में आयुष्मान कार्ड का बड़ा फर्जीवाड़ा, एसआईटी जांच की तैयारी
भोजीपुरा में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस, 40 हजार में बना रहे थे आयुष्मान कार्ड
भोजीपुरा क्षेत्र में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने आबिद, सलमान, अरमान, अफरोज और देशरत्न को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि इस गिरोह का कई अस्पतालों से संपर्क था।
अमृत विचार : बरेली में आयुष्मान कार्ड में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। पुलिस ने एक गिरोह का खुलासा किया है। आयुष्मान का ये फर्जीवाड़ा कितना बड़ा है और इसके तार कहां तक फैले हैं- एसआईटी से इसकी जांच की तैयारी है। फिलहाल पुलिस पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है। कुछ और आरोपी पुलिस के निशाने पर हैं।
भोजीपुरा क्षेत्र में फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने आबिद, सलमान, अरमान, अफरोज और देशरत्न को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि इस गिरोह का कई अस्पतालों से संपर्क था।
आर्थिक रूप से कमजोर लोग, जो बीमार होते-उनका आधार कार्ड बनाया जाता था। इसके बाद उन्हें चुनिंदा अस्पतालों में भर्ती दर्शाया जाता। कार्ड के जरिये ही उनके इलाज का भुगतान कराया जाता था। बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में कोई बीमार नहीं होता-फिर भी उसके उपचार का खर्च आयुष्मान से वसूला जाता था।
अस्पतालों में काम कर रहे सदस्य
पुलिस की शुरुआती जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि इस गिरोह में शामिल कई लोग अस्पतालों में भी काम कर रहे हैं। पुलिस को एक ऐसे सक्रिय गिरोह की भी सूचना मिली है, जो जरूरतमंद लोगों को आयुष्मान कार्ड का प्रभोलन देकर उनके साथ ठगी भी करता था। कार्ड के एवज में मनमानी धनराशि वसूल करता था।
एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाकर लोगों से ठगी के मामले जांच के लिए एसआईटी गठित की जाएगी। पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
