Bareilly News : बरेली में खूंखार नस्ल के कुत्तों की होगी जांच, डीएम के आदेश के बाद पेटशॉप पर नजर
मध्यप्रदेश समेत दूसरे राज्यों से बरेली लाए जा रहे कई नस्लों के कुत्ते
खूंखार नस्ल के कुत्तों के हमलों को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। बरेली ही नहीं बल्कि आसपास और दूसरे जगहों से ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें कुत्तों के हमलों में लोगों को जान गंवानी पड़ गई। इस तरह की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए ही अब प्रशासन ने जांच अभियान चलाएगा। पेटशॉप संचालकों को भी निर्देशित किया जा रहा है कि वे प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों की बिक्री न करें। पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमृत विचार : बरेली में खूंखार नस्ल के कुत्तों की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन एक बार फिर सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह निर्देश पर शहर की पेटशॉप पर प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों की जांच की जाएगी। बिक्री करने वालों पर कार्रवाई भी संभव है।
डीएम अविनाश सिंह ने प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों की बिक्री को लेकर हाल ही में जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब नगर निगम की टीम पेट शॉप की जांच करेगी। जांच में कुत्तों की नस्ल, बिक्री और जरूरी दस्तावेजों के साथ टीकाकरण संबंधी रिकॉर्ड भी देखा जाएगा। प्रतिबंधित नस्ल की बिक्री मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पिटबुल हमले की घट चुकी घटना
बरेली में पिटबुल के हमले की घटना सामने आ चुकी है। नवंबर 2024 में खलीलपुर में पिटबुल ने अपने मालिक के बेटे के चेहरे पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। ऐसे मामलों के बीच प्रशासन की ओर से अब प्रतिबंधित नस्लों की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
एक लाख तक है कीमत
पेट शॉप संचालकों के मुताबिक बरेली में मांग के अनुसार अलग-अलग नस्ल के पिल्ले दूसरे शहरों और राज्यों से मंगाए जाते हैं। पिटबुल और बुलडॉग के पिल्लों की कीमत 80 हजार से एक लाख रुपये तक है। खास नस्ल और बेहतर वंश वाले कुत्तों की कीमत इससे अलग हो सकती है। पिटबुल के पिल्लों के लिए करीब 15 दिन का इंतजार करने की बात कही गई। एक पेट शॉप संचालक ने इसे मध्यप्रदेश से मंगाने की बात कही।
पिल्ले के अनुमानित दाम
- पिटबुल: 80 हजार से एक लाख रुपये
बुलडॉग: 80 हजार से एक लाख रुपये
सामान्य नस्ल: 10 से 15 हजार रुपये
रॉटविलर: 20 से 30 हजार रुपये तक
डावर मैन : 12 से 15 हजार रुपये
ग्रेटडेन : 20 से 40 हजार
दूसरे राज्यों से पहुंच रहे कुत्ते
पेट शॉप संचालकों के बीच व्हाट्सएप के जरिए भी कुत्तों की उपलब्धता और सप्लाई का नेटवर्क चलने की जानकारी सामने आई है। ग्राहक अपनी पसंद की नस्ल बताता है और उसे दूसरे शहर या राज्य से मंगाया जाता है। महंगी नस्लों के लिए बरेली के बाहर के ब्रीडर और सप्लायर से संपर्क किया जाता है।
क्या बोले डीएम
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि प्रतिबंधित डॉग की बिक्री गैरकानूनी है। लगातार कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसको लेकर नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया है। खतरनाक कुत्तों का ब्योरा जुटाया जाएगा।
