Bareilly News : सावन के चौथे सोमवार को लेकर पुलिस अलर्ट, तीन कंपनी पीएसी और आरएएफ तैनात
सावन के अंतिम सोमवार को नाथ नगरी में जलाभिषेक करने उमड़ेंगे शिवभक्त
भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर जिले में शुक्रवार से ही तीन कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरएएफ अतिरिक्त रूप से तैनात की गई है। पहले से ही जिलेभर में कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था व संवेदनशील स्थानों की निगरानी के लिए 3,200 पुलिसकर्मी तैनात हैं।
अमृत विचार : सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर जिले में शुक्रवार से ही तीन कंपनी पीएसी और एक कंपनी आरएएफ अतिरिक्त रूप से तैनात की गई है। पहले से ही जिलेभर में कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था व संवेदनशील स्थानों की निगरानी के लिए 3,200 पुलिसकर्मी तैनात हैं। अतिरिक्त फोर्स आने के बाद प्रमुख कांवड़ मार्गों, मंदिरों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कांवड़ियों के आवागमन वाले मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर पुलिस की टीमें तैनात हैं।
इसके साथ ही पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर रहे हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए भी ट्रैफिक पुलिस की टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। टीमें प्रमुख चौराहों के साथ कांवड़ रास्तों पर नजर रख रही हैं।
बढ़ रही कांवड़ियों की संख्या
पुलिस के मुताबिक बीते तीन सोमवार की तुलना में चौथे सोमवार से पहले ही कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। कछला से जल लाने वाले जत्थे लगातार उस ओर जा रहे है। रामगंगा समेत बदायूं रोड पर कांवड़ियों के वाहनों की संख्या बढ़ गई है। शनिवार और रविवार को भी इनकी संख्या और अधिक बढ़ सकती है।
पीलीभीत-लखीमपुर से आ रहे जत्थे
पुलिस ने अनुमान लगाया था इस सावन में जिले के लगभग 15 लाख कांवड़ियां कछला, हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर से गंगाजल लाकर जलाभिषेक करेंगे। लेकिन इसी बीच बरेली से जुड़े पीलीभीत और लखीमपुर खीरी से भी कांवड़ियों के जत्थे लगातार कछला गंगाजल लेने जा रहे हैं। चौथे सोमवार को देखते हुए इन दोनों जिलों से आने वाले कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
