Bareilly News : महंगाई पर व्यापार मंच की मांग, गरीबों को 5 किलो चीनी मुफ्त दे सरकार
व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को सौंपा, सीएम को संबोधित मांग पत्र
एक ओर गन्ना किसानों की आय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई। दूसरी तरफ बाजार में चीनी महंगी होती जा रही है। व्यापार मंच ने एथेनॉल उत्पादन को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि एथेनॉल पर अधिक जोर देने से चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ रहा है। साथ ही एथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल से वाहन स्वामियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अमृत विचार : चीनी के भाव में अचानक आए उछाल ने आमजन को बेचैन कर दिया है। चीनी लगातार महंगी होती जा रही है। बरेली में 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। महंगाई को देखते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंच ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक मांग पत्र डीएम को सौंपा है। इस मांग के साथ कि गरीब परिवारों को राशन की दुकानों से हर माह पांच किलो मुफ्त चीनी दी जाए।
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि चीनी रोजाना की जरूरत है। इसके दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
नीतियों से महंगाई बढ़ी
एक ओर गन्ना किसानों की आय में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई। दूसरी तरफ बाजार में चीनी महंगी होती जा रही है। व्यापार मंच ने एथेनॉल उत्पादन को लेकर भी सवाल उठाए। कहा कि एथेनॉल पर अधिक जोर देने से चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ रहा है। साथ ही एथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल से वाहन स्वामियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आम आदमी का बिगड़ा बजट
व्यापारियों ने अपनी मांग में कहा कि रसोई गैस, अनाज, डीजल, पेट्रोल समेत रोजमर्रा की कई चीजों के दाम बढ़ने से पहले ही लोगों का बजट बिगड़ा हुआ है। ऐसे में चीनी की बढ़ती कीमत से आम आदमी पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। मंच ने सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
चेताया भी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जिला महामंत्री फुरकान शम्सी, जिला कोषाध्यक्ष प्रथमेश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष सय्यद गोहर अली, महानगर महामंत्री सतीश भसीन और महानगर कोषाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें-बरेली में खूंखार नस्ल के कुत्तों की होगी जांच, डीएम के आदेश के बाद पेटशॉप पर नजर
