वर्दी में पैर दबाने का VIDEO वायरल, दो होमगार्ड सस्पेंड; SDM आवास से जुड़ा बताया जा रहा था मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप; जांच में दोनों को नियमित पुलिसकर्मी नहीं बल्कि होमगार्ड बताया गया, जिला कमांडेंट ने की कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। वीडियो में वर्दी पहने एक व्यक्ति दूसरे शख्स के पैर दबाता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि यह वीडियो घाटमपुर SDM के सरकारी आवास का है और इसमें SDM के ड्राइवर का पैर एक होमगार्ड दबा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने खाकी वर्दी की गरिमा और ड्यूटी को लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने वर्दी में इस तरह निजी काम करने को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने मामले का लिया संज्ञान

कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों लोग नियमित पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि होमगार्ड हैं। वीडियो में होमगार्ड मनोज कुमार होमगार्ड रजत से अपने पैर दबवाते हुए नजर आ रहे। मामले की जांच जिला कमांडेंट होमगार्ड, कानपुर नगर को सौंपी गई। जांच पूरी होने के बाद दोनों होमगार्ड को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

वीडियो को लेकर उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हुई कि ड्यूटी पर तैनात वर्दीधारी कर्मी से निजी काम क्यों कराया जा रहा था। हालांकि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाया गया और इसमें दिखाई दे रहे लोगों के बीच वास्तव में क्या मामला था, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस और होमगार्ड विभाग की ओर से फिलहाल इतना साफ किया गया है कि दोनों होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई करके दोनों को सस्पेंड किया जा चुका है।

आगे भी जारी रहेगी जांच

अधिकारियों का कहना है कि वर्दी में रहते हुए किसी भी तरह का गैर-आधिकारिक कार्य स्वीकार्य नहीं है। मामले की आगे की जांच जारी है। दोनों होमगार्ड के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ परिस्थितियों की पूरी पड़ताल की जा रही है कि यह दृश्य कब और किन परिस्थितियों में कैद हुआ। SDM आवास पर तैनात कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा होने की संभावना है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने विभाग के कदम की सराहना भी की है।

यह भी पढ़ेंः 16 रुपये में जींस-शर्ट की खबर और उमड़ पड़ी हजारों की भीड़! कानपुर के आलम मार्केट में लाठीचार्ज, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार