Shravasti News : खलवा बाजार में हाईटेंशन तारों से हादसे का बड़ा खतरा, बंदरों के खंभा हिलाते ही निकलती हैं चिंगारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

दहशत में दुकानदार और राहगीर; बिजली विभाग से तत्काल सुधार की मांग

श्रावस्ती के भिनगा खलवा बाजार में हाईटेंशन बिजली के ढीले तार लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। बंदरों के खंभों पर चढ़कर उन्हें हिलाने से तार आपस में टकराते हैं और तेज धमाके के साथ चिंगारियां निकलती हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से तार कसने और खंभों पर सुरक्षा उपाय लगाने की मांग की है।

श्रावस्ती, अमृत विचार। भिनगा के खलवा बाजार में बिजली व्यवस्था लोगों के लिए कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बाजार में लगे बिजली के खंभों पर बंदर चढ़कर उन्हें जोर-जोर से हिलाते हैं। इससे ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के ढीले तार आपस में टकरा जाते हैं, जिससे तेज धमाके के साथ चिंगारियां निकलने लगती हैं।

अचानक होने वाले इन धमाकों से बाजार में मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत लाइन के तार काफी ढीले हैं। बंदरों के खंभे पर उछल-कूद करने से खंभा हिलता है और तार आपस में टकराने लगते हैं। इस दौरान तेज आवाज के साथ चिंगारियां निकलने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल जाती है।

कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

बाजारवासियों को आशंका है कि यदि समय रहते बिजली की इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। हाईटेंशन लाइन के तारों से निकलने वाली चिंगारी आसपास मौजूद लोगों और दुकानों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द मौके का निरीक्षण कर विद्युत लाइन को सुरक्षित कराने की मांग की है।

ढीले तार और बंदरों का बढ़ता खतरा

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग विद्युत लाइन के ढीले तारों को तत्काल कसवाए। इसके साथ ही खंभों पर नुकीले तार या बर्ड स्पाइक जैसे सुरक्षा उपाय लगाए जाएं, ताकि बंदर खंभों पर चढ़कर उन्हें हिला न सकें। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से संभावित बड़े हादसे को टाला जा सकता है।

यह भी पढ़ेंः Ayodhya Crime News: हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, पांच आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार