Moradabad News: कांवड़ियों पर ड्रोन से पुष्पवर्षा, नगर निगम के शिविर में शिवभक्तों की सेवा

Amrit Vichar Network
On

कांठ रोड पर विशालकाय शिव दरबार बना आस्था का केंद्र

सावन के दूसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का उत्साह चरम पर है। मुरादाबाद में नगर निगम की ओर से प्रोजेक्ट जटायु ड्रोन से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जा रही है। वहीं शिव दरबार के पास सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को पेयजल, फल और अल्पाहार उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ियों के जत्थे तेजी से अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। डीजे पर बज रहे भोलेनाथ की महिमा के गीतों पर झूमते हुए शिवभक्त भक्ति में लीन होकर आगे बढ़ रहे हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा की व्यवस्था की गई है।

प्रोजेक्ट जटायु ड्रोन से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा

नगर निगम की ओर से प्रोजेक्ट जटायु ड्रोन के जरिए हरिद्वार-कांठ रोड-मुरादाबाद मार्ग पर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जा रही है। कांठ रोड पर नगर निगम द्वारा विकसित विशाल शिव दरबार के पास कांवड़ियों का स्वागत किया जा रहा है। पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कांवड़ियों के जत्थे शिव दरबार में शीश नवाने के बाद अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। रविवार को बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुरादाबाद की ओर लौटते नजर आए।

नगर निगम के शिविर में कांवड़ियों की सेवा

नगर निगम की ओर से कांठ रोड पर सेवा शिविर लगाया गया है। यहां नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह समेत निगम के अधिकारी और कर्मचारी कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं। नगर निगम की टीम सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधाओं का ध्यान रख रही है। सेवा शिविर में कांवड़ियों को शुद्ध पेयजल, फल और अन्य अल्पाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम की सीमा में आने वाले कांवड़ मार्गों पर पथ प्रकाश की व्यवस्था भी की गई है।

सावन भर जारी रहेगी कांवड़ियों की सेवा

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि सावन के पूरे महीने नगर निगम शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा में जुटा रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए सेवा शिविर लगाया गया है, जहां जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम की टीम लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है, ताकि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

संबंधित समाचार