Shahjahanpur News : 12 साल की दलित किशोरी से गन्ने के खेत में गैंगरेप, 3 आरोपी भेजे गए बाल सुधार गृह
तिलहर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया
शाहजहांपुर में 12 वर्षीय नाबालिग दलित बच्ची के साथ 5 किशोरों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 बाल आरोपियों को किशोर सुधार गृह भेज दिया है, जबकि 2 का उम्र परीक्षण जारी है।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले के तिलहर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12 साल की एक नाबालिग दलित किशोरी के साथ पांच किशोरों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपी किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश कर बाल किशोर सुधार गृह भेज दिया है। वहीं, दो अन्य आरोपियों की सटीक आयु जानने के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
गन्ने के खेत में ले जाकर की दरिंदगी
सीओ तिलहर विद्युत सक्सेना ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार शाम 12 वर्षीय बच्ची स्कूल के ग्राउंड में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। आरोप है कि वहीं खेल रहे पांच नाबालिग लड़के बच्ची को बहला-फुसलाकर पड़ोस के गन्ने के खेत में ले गए। खेत में ले जाकर पांचों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसी दौरान जब खेत के मालिक की नजर उन बच्चों पर पड़ी, तो डर के मारे सभी आरोपी वहां से भाग निकले।
परिजनों की शिकायत पर देर रात दर्ज हुई FIR
डरी-सहमी पीड़िता जब अपने घर पहुंची, तो उसने रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों की शिकायत के आधार पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ तिलहर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
बाल मित्र कक्ष में रखे गए आरोपी, 3 भेजे गए सुधार गृह
सीओ विद्युत सक्सेना ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 1 अगस्त की रात करीब 23:10 बजे आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। घटना में संलिप्त तीन बाल अपचारियों को चिन्हित कर विधिक प्रावधानों के अनुरूप थाने के 'बाल मित्र कक्ष' में रखा गया। पुलिस ने किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप उनके साथ व्यवहार सुनिश्चित किया। आवश्यक विवेचनात्मक और विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों बाल अपचारियों को किशोर न्याय बोर्ड, शाहजहांपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बाकी के दो आरोपियों की आयु के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उम्र का ठीक अनुमान लगने के बाद उनके खिलाफ भी विधिक रूप से आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
