Hardoi News: कांवड़ के लिए गंगा जल भरने गए दो युवक डूबे, हरदोई में मचा हड़कंप; तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कुसुमखोर गंगा घाट पर तड़के हादसा, जल भरते समय गहरे पानी में समाए दोनों युवक; गोताखोरों के साथ पुलिस-प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अरवल/हरदोई। कांवड़ यात्रा के लिए गंगा जल भरने पहुंचे दो युवक सोमवार तड़के कुसुमखोर गंगा घाट पर हादसे का शिकार हो गए। गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों युवक नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

hardoi news (1)

कांवड़ यात्रा की तैयारी में पहुंचे थे घाट

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चौसार निवासी ऋषि पुत्र छदामी और नारद पुत्र गोविंद सोमवार सुबह करीब चार बजे कांवड़ यात्रा के लिए गंगा जल भरने कुसुमखोर गंगा घाट पहुंचे थे। इससे पहले दोनों कन्नौज स्थित गौरी शंकर मंदिर गए थे।

गंगा घाट पर जल भरने के दौरान दोनों युवक अचानक नदी के गहरे हिस्से में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे तेज बहाव में बह गए और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए।


युवकों को डूबता देख मची चीख-पुकार

घाट के आसपास मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को नदी में डूबते देखा तो शोर मचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल नदी में उतरकर दोनों युवकों को खोजने और बचाने का प्रयास शुरू किया।

हादसे की सूचना अरवल थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में गोताखोरों की मदद से नदी में सघन खोज अभियान शुरू कराया गया।

पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में रेस्क्यू जारी

समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका था और उनकी तलाश जारी थी। मौके पर उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी, नायब तहसीलदार राजेश पटेल, थानाध्यक्ष अरवल अनिल कुमार सिंह और अग्निशमन अधिकारी गौतम चौहान मौजूद थे।

प्रशासन और पुलिस की निगरानी में गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद घाट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद है।

यह भी पढ़ेंः Badaun News : बदायूं में बड़ा सड़क हादसा, चचेरे-भाई बहन की मौके पर मौत

संबंधित समाचार