Sawan Somwar 2026: कानपुर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, देर रात से लगी भक्तों की कतारें
आनंदेश्वर महादेव समेत प्रमुख मंदिरों में लगी लंबी कतारें
सावन के पहले सोमवार पर कानपुर के आनंदेश्वर महादेव, सिद्धनाथ, वनखंडेश्वर और जागेश्वर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देर रात से जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
कानपुर। सावन के पहले सोमवार पर कानपुर में भगवान शिव के प्रमुख मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देर रात से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर लगनी शुरू हो गई थीं। हाथों में गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प लिए श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए। पूरे शहर में 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
आनंदेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी सबसे ज्यादा भीड़
परमट स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर में ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
प्रमुख शिवालयों में दर्शन के लिए लंबी कतारें
शहर के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी सुबह से भारी भीड़ रही। इनमें शामिल हैं, जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर, पी रोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर, नवाबगंज स्थित जागेश्वर इन सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
पूजन सामग्री की दुकानों पर भी रही रौनक
मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री, फूल-माला, बेलपत्र, प्रसाद और दूध की दुकानों पर भी सुबह से ही अच्छी-खासी भीड़ रही। कई दुकानें देर रात से ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खुली रहीं।
सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
