Lucknow News: CM आवास से विधानसभा तक निकलेगी तिरंगा यात्रा, योगी आदित्यनाथ और पंकज चौधरी करेंगे नेतृत्व
9 अगस्त को 5 कालिदास मार्ग से विधानसभा तक होगा आयोजन, भाजपा ने युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की
लखनऊ, अमृत विचार : भारतीय जनता पार्टी की ओर से 9 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास (5, कालिदास मार्ग) से विधानसभा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने सभी राष्ट्रभक्त नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। यह आयोजन राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास से विधानसभा तक प्रस्तावित यह यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी उनके राष्ट्र के प्रति दायित्व और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी।
तिरंगा यात्रा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, महापौर, भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित लखनऊ के बड़ी संख्या में युवा और नागरिक शामिल होंगे।
यह भी पढ़ेंः Lucknow University News: शिक्षक सीखेंगे AI का हुनर, नए सत्र में शुरू होगी खास ट्रेनिंग
