Kanpur News: गंगाजल लेने जा रहे कांवड़िए की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार DCM ने बाइक को मारी टक्कर

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर देहात। सावन में गंगाजल लेने निकले कांवड़ियों के साथ रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रसूलाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार DCM ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक कांवड़िए की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है।

बिठूर से गंगाजल लेने जा रहे थे दोनों कांवड़िए

जानकारी के अनुसार, औरैया जिले के इकौरापुर निवासी धर्मराज (25) अपने साथी रिशु (21) के साथ रविवार देर शाम बाइक से बिठूर गंगाजल लेने के लिए निकले थे। जब वे रसूलाबाद-कानपुर रोड स्थित संत हंसानंद इंटर कॉलेज के पास एक पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे, तभी कानपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार DCM ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

धर्मराज की मौके पर मौत, रिशु गंभीर घायल

हादसे में धर्मराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिशु गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों ने दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसूलाबाद पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. सौरभ शाक्य ने धर्मराज को मृत घोषित कर दिया। घायल रिशु का प्राथमिक उपचार किया गया और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी जारी है। धर्मराज अविवाहित था और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाता था। परिवार में उसकी मां कपूरी देवी, छोटा भाई कन्हैया और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

DCM चालक फरार, वाहन पुलिस ने कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलते ही रसूलाबाद पुलिस, सीओ आलोक कुमार और एएसपी आलोक प्रसाद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं कहिजरी चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने दुर्घटनाग्रस्त DCM को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें : 

Sawan Somwar 2026: कानपुर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, देर रात से लगी भक्तों की कतारें

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार