Gonda News: रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार
गोंडा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), अपराध आसूचना शाखा, टॉप बी टीम और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है।
संयुक्त टीम ने संदिग्ध अवस्था में दबोचा
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने बताया कि रविवार को संयुक्त टीम गोण्डा जंक्शन पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पश्चिमी छोर स्थित पैदल पुल के नीचे संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए।
सो रहे यात्रियों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सो रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइल बाद में मजबूरी का बहाना बनाकर अन्य लोगों को बेच देते थे।
दोनों आरोपी गोंडा के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद अहमद (20) पुत्र फैयाज अहमद और फरीद सिद्दीकी (21) पुत्र शाहिद सिद्दीकी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गोंडा शहर के शास्त्रीनगर तोपखाना, कोतवाली नगर क्षेत्र के निवासी हैं।
जीआरपी ने दर्ज किया मुकदमा
जीआरपी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय को सौंपी गई है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि दोनों किसी बड़े मोबाइल चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं और उनके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।
ये भी पढ़ें :
Gonda News: सरकार के खिलाफ सपा का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट का घेराव कर किया प्रदर्शन
