आजमगढ़ में पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, डबल मर्डर के आरोपी के पैरों में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पवई थाना क्षेत्र के चर्चित हेवती दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान संतोष यादव के रूप में हुई है। फूलपुर क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने बताया कि हेवती गांव में 9 और 10 जुलाई की रात हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा

पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण बाइक फिसल गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पवई भेजा गया।

हेवती डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि पैतृक संपत्ति विवाद और पारिवारिक रंजिश के चलते उसने अपने दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। इसके अलावा उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस, एक खोखा कारतूस, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

ये भी पढ़ें : 
यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई: बलरामपुर से संदिग्ध ISI एजेंट शहरेज अहमद गिरफ्तार, आतंकी साजिश का आरोप

 

संबंधित समाचार