Bareilly News : ट्रैक मेंटेनेंस के कारण 4 प्रमुख ट्रेनें हुईं डायवर्ट, जंक्शन पर भटके यात्री

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नगरिया सादात रेलखंड में चार घंटे का लिया गया ब्लॉक, हिमगिरि, कोलकत्ता एक्सप्रेस, अवध आसाम व राज्यरानी पहुंची कैंट

बरेली के नगरिया सादात में ट्रैक मेंटेनेंस के चलते 4 प्रमुख ट्रेनें डायवर्ट की गईं, जिससे बरेली जंक्शन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज के नगरिया सादात में दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग पर ट्रैक मेंटेनेंस के चलते सोमवार को चार घंटे का ब्लॉक लिया गया। चार प्रमुख ट्रेनों को डायवर्ट रूट से चलाए जाने के कारण वे बरेली जंक्शन नहीं पहुंचीं। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। कई यात्री जानकारी के अभाव में जंक्शन पर इंतजार करते रहे, जबकि कुछ बरेली कैंट स्टेशन पहुंचने तक अपनी ट्रेन गंवा बैठे।

सुबह 10:40 से दोपहर 2:40 बजे तक ब्लॉक रहा। इस दौरान हिमगिरि एक्सप्रेस, कोलकत्ता एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस और राज्यरानी एक्सप्रेस को मुरादाबाद से चंदौसी, आंवला और रामगंगा होते हुए बरेली कैंट स्टेशन के रास्ते संचालित किया गया। इसके चलते ये ट्रेनें बरेली जंक्शन पर नहीं आईं। ब्लॉक की जानकारी समय रहते अधिकांश यात्रियों तक नहीं पहुंच सकी। बड़ी संख्या में यात्री निर्धारित समय पर बरेली जंक्शन पहुंच गए, जहां उन्हें पता चला कि उनकी ट्रेनें डायवर्ट रूट से चल रही हैं। कई यात्री जल्दबाजी में बरेली कैंट स्टेशन के लिए रवाना हुए, लेकिन जंक्शन से कैंट स्टेशन पहुंचने में लगभग 45 मिनट लगने के कारण अनेक यात्रियों की ट्रेनें निकल चुकी थीं।

स्टेशन अधीक्षक भानू प्रताप ने बताया कि ट्रैक मेंटेनेंस के कारण लिया गया ब्लॉक पहले से निर्धारित था। इसकी सूचना एक दिन पूर्व जारी कर दी गई थी। हालांकि सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने से यात्रियों को असुविधा हुई। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी, जबकि कुछ लोग जनरल टिकट लेकर बरेली जंक्शन पर ही ट्रेनों का इंतजार करते रहे। डायवर्जन के कारण इन ट्रेनों का संचालन भी एक से दो घंटे तक प्रभावित रहा। ब्लॉक समाप्त होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हुआ।

संबंधित समाचार