जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज, अजय राय बोले- ध्यान भटकाने की कोशिश

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ। रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के भवनों को ध्वस्त करने का आदेश एक बड़े मुद्दे से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश है।

‘कुछ घंटों में जारी हुआ ध्वस्तीकरण आदेश’

लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय ने कहा कि रामपुर विकास प्राधिकरण ने 15 जुलाई को सुनवाई के कुछ ही घंटों बाद ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया। उन्होंने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी तेजी से हुई कार्रवाई सरकार की मंशा को लेकर संदेह पैदा करती है।

‘विश्वविद्यालय नियमों के तहत स्थापित’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2005 में हुई थी, जबकि संबंधित क्षेत्र को वर्ष 2024 में रामपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया गया। ऐसे में भवनों के नक्शे को लेकर उठाए जा रहे सवालों का औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कानून के तहत स्थापित है और सभी जरूरी मानकों का पालन किया गया है।

शिक्षा संस्थानों को कमजोर करने का लगाया आरोप

अजय राय ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई सरकारी विद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य उच्च शिक्षण संस्थान बंद हुए हैं, जिससे शिक्षा क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। कार्रवाई से वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है।

‘समान कार्रवाई होनी चाहिए’

कांग्रेस नेता ने मांग की कि विश्वविद्यालय के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोकी जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण में नियमों के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई हो रही है तो भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े भवनों की भी जांच होनी चाहिए और नियम टूटने पर समान कार्रवाई की जानी चाहिए।

सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

अजय राय ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा गबन मामले की चर्चा से ध्यान हटाने के लिए जौहर विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर सड़क से सदन तक विरोध करेगी।

ये भी पढ़ें : 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी : SIT सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को सौंपेगी अंतरिम रिपोर्ट, ट्रस्ट में बदलाव की चर्चा तेज 

संबंधित समाचार