फॉरेक्स-क्रिप्टो निवेश के नाम पर 55 लाख की ठगी! राहुल सिंह चौहान समेत 5 पर दूसरी FIR, बढ़ीं मुश्किलें

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

एक सप्ताह में दूसरी एफआईआर दर्ज, निवेशकों ने बेहतर रिटर्न का झांसा देकर रकम हड़पने और धमकी देने का लगाया आरोप

गोंडा। फॉरेक्स ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह चौहान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। करनैलगंज कोतवाली में राहुल सिंह चौहान, उनकी पत्नी शिल्पी सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ 55 लाख रुपये की कथित ठगी का नया मुकदमा दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी एफआईआर दर्ज हुई है।

निवेश पर 5 से 6 प्रतिशत मासिक रिटर्न का दिया गया कथित लालच

पीड़ित अजहरुद्दी अंसारी, गुफरान अंसारी, शैफ अली, विशाल मौर्य और मोहम्मद अजीम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि रजनीश रौशन ने उन्हें फॉरेक्स ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने पर हर महीने 5 से 6 प्रतिशत तक रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। साथ ही TLC-2.0 नामक क्रिप्टो कॉइन की कीमत भविष्य में लाखों रुपये तक पहुंचने का दावा भी किया गया।

55 लाख रुपये निवेश करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, निवेश की राशि कैप्टर मनी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के खाते में जमा कराई गई, जिसके निदेशक शिल्पी सिंह और दीपक कुमार बताए गए हैं। आरोप है कि टेलीग्राम चैनल के माध्यम से राहुल सिंह चौहान और शिल्पी सिंह से भी बातचीत कराई गई, जिन्होंने निवेश पर बेहतर लाभ का भरोसा दिलाया।

पीड़ितों के मुताबिक, सितंबर से दिसंबर 2024 के बीच उन्होंने कुल 55 लाख रुपये निवेश किए। इसमें:

  • अजहरुद्दी अंसारी – 13 लाख रुपये

  • गुफरान अंसारी – 15 लाख रुपये

  • शैफ अली – 10.80 लाख रुपये

  • विशाल मौर्य – 4 लाख रुपये

  • मोहम्मद अजीम – 12 लाख रुपये

शुरुआत में मिला रिटर्न, बाद में बंद हुआ भुगतान

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शुरुआती तीन-चार महीने तक मामूली रिटर्न दिया गया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। जब उन्होंने अपनी निवेश की गई रकम वापस मांगी तो टालमटोल की गई। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़ितों ने राहुल सिंह चौहान, शिल्पी सिंह, रजनीश रौशन, मोहम्मद रजा और दीपक कुमार पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत सुनियोजित तरीके से ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इससे पहले भी राहुल सिंह चौहान, उनकी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित वित्तीय धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः अयोध्या में विकास को नई रफ्तार: 1.91 करोड़ की लागत से तीन नई सड़कों का शिलान्यास, गांवों की बदलेगी तस्वीर

संबंधित समाचार