Barabanki News : 4.41 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक सभागार जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी ने रखी आधारशिला
बाराबंकी,अमृत विचार। शहर को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त 250 लोगों की क्षमता वाला बहुउद्देशीय सभागार मिलेगा। शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने जिला पंचायत परिसर में 4 करोड़ 41 लाख 26 हजार रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक सभागार का शिलान्यास किया। साथ ही अधिकारियों के लिए तीन टाइप-4 आवासों के निर्माण की आधारशिला रखी तथा डिजिटल सुविधाओं से सुसज्जित नए कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया।
प्रस्तावित सभागार में आधुनिक ऑडियो-वीडियो सिस्टम, आरामदायक बैठक व्यवस्था और बहुउद्देशीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां सरकारी बैठकें, विकास योजनाओं की समीक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार, सामाजिक एवं राजनीतिक आयोजन आयोजित किए जा सकेंगे। जिला पंचायत परिसर कलेक्ट्रेट, डीएम आवास, एसपी कार्यालय, विकास भवन, न्यायालय परिसर और पटेल चौराहा के निकट होने से यह अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के लिए सुविधाजनक रहेगा।
यह कॉन्फ्रेंस हॉल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, वेबिनार और ऑनलाइन बैठकों की आधुनिक तकनीक से लैस है, जिससे शासन और जिला प्रशासन के बीच समन्वय तथा विकास योजनाओं की समीक्षा और क्रियान्वयन में गति मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि सभागार और आवासों के निर्माण से जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
