Kanpur News : रिटायर्ड IAS के बेटे ने गर्लफ्रेंड को कार से खींचकर सिर पर मारी ईंट, शादी से इनकार पर खोया आपा

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

महिला मित्र के साथ कार से घूमने जा रहा था देवाशीष, बीच सड़क पर मचाया तांडव

कानपुर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी का बेटा अपनी महिला मित्र के साथ कार से घूमने जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच किसी बात पर बहस हो गई। आरोपी भड़क गया और उसने महिला मित्र को कार से खींचकर बुरी तरह पीटा। ईंट से प्रहार करके उसे अधमरा कर डाला। बीच सड़क उसकी गुंडई से भड़के राहगीरों ने उसे पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।

अमृत विचार, कानपुर : कानपुर में एक रिटायर्ड IAS अधिकारी के बेटे ने बीच सड़क पर खूब तांडव मचाया। अपनी गर्लफ्रेंड को कार से खींचकर ईंट से हमला कर दिया। युवती जान बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही। इस बीच उसने कई प्रहार करके उसे अधमरा कर डाला। राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर खूब पीटा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। आरोपी की पहचान देवाशीष निगम के रूप में हुई है। रविवार को घटना का वीडियो सामने आया है। 

दिवंगत रमेश शंकर निगम का बेटा 38 वर्षीय देवाशीष निगम कानपुर के स्वरूप नगर के राज टावर में रहता है। शनिवार की शाम वह महिला मित्र 28 वर्षीय मृदला के साथ कार से घूमने जा रहा था। आईआईटी से आगे बढ़ते ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि देवाशीष अपना आपा खो बैठा और उसने कार रोककर मृदला के साथ मारपीट शुरू कर दी है। 

देवाशीष यहीं नहीं रुका। गाड़ी से उतरा और कार की खिड़की खोलकर मृदला को खींचने लगा। जब मृदला ने खिड़की नहीं खोली तो उसने ईंट मारकर शीशे तोड़ डाले और मृदला को बाहर खींच लिया। आरोप है कि उसने ईंट से हमला किया। इस बीच युवती जान बचाने के लिए चीखते हुए भागने लगी। आरोपी देवाशीष ने उसे पकड़कर सिर पर ईंट मार दी। 

खून से लथपथ मृदला गश खाकर गिर पड़ी। बीच सड़क पर खूनी मंजर देखकर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई लगाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर है। 

शादी से इनकार पर भड़का 


पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि देवाशीष और मृदला की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी। दोनों लंबे समय से मित्र हैं। देवाशीष, मृदला से शादी करना चाहता था। मृदला इनकार कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। 

परिजन बोले हत्या की थी योजना 

उधर पीड़िता के परिजनों ने बेटी की हत्या की योजना बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देवाशीष उनकी बेटी की हत्या करने के इरादे से लेकर जा रहा था। बहरहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 

जेल भेजा जा रहा आरोपी 

कानपुर के डीसीपी वेस्ट कासिम आबदी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार है। उसे जेल भेजा जा रहा है। 

संबंधित समाचार