श्रेयस अय्यर के नाम से जुड़ा सबसे अनचाहा रिकॉर्ड, T20I कप्तानी के पहले दो मैच हारने वाले दूसरे भारतीय बने
आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो हार के साथ श्रेयस अय्यर का टी20 कप्तानी का आगाज निराशाजनक रहा। शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाने वाले वह भारत के दूसरे कप्तान बन गए हैं।
लखनऊः भारतीय टीम के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी की शुरुआत श्रेयस अय्यर के लिए उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में भारत को लगातार हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ अय्यर के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया जिसे कोई भी कप्तान अपने करियर की शुरुआत में नहीं चाहेंगे।
आयरलैंड ने 2-0 से अपने नाम की सीरीज
जून 2026 में आयरलैंड दौरे पर पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कप्तानी संभालने वाले श्रेयस अय्यर अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। 26 जून को बेलफास्ट में खेले गए पहले मुकाबले में भारत 34 रन से हार गया। इसके बाद 28 जून को खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने एक रन से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
शुरुआती दोनों मैच हारने वाले दूसरे भारतीय कप्तान
लगातार दो हार के बाद 31 वर्षीय श्रेयस अय्यर भारत के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी के अपने पहले दोनों मुकाबले गंवाए हैं। इससे पहले जून 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के दौरान ऋषभ पंत भी कप्तानी के पहले दो मैच हार चुके थे।
बल्लेबाजी में भी नहीं चला बल्ला
कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी श्रेयस अय्यर प्रभाव नहीं छोड़ सके। पहले टी20 मुकाबले में उन्होंने सात गेंदों पर तीन रन बनाए, जबकि दूसरे मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सात गेंदों में 10 रन ही जोड़ सके।
भारत के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक रही हार
इस सीरीज की हार भारतीय टीम के लिए कई रिकॉर्ड छोड़ गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत को पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आयरलैंड से हार मिली। इसके साथ ही टीम इंडिया पहली बार आयरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी हार गई। वहीं भारत की लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने की लय भी इस हार के साथ समाप्त हो गई।
अब इंग्लैंड दौरे पर वापसी की चुनौती
भारतीय टीम अब इंग्लैंड दौरे की तैयारी करेगी, जहां दोनों देशों के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेली जाएगी। टी20 टीम की कप्तानी एक बार फिर श्रेयस अय्यर के पास होगी, जबकि वनडे टीम का नेतृत्व शुभमन गिल करेंगे। 1 जुलाई से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में अय्यर की कोशिश हार के सिलसिले को तोड़ने की होगी।
यह भी पढ़ेंः 'मुझे लगा रिकी पोंटिंग भारत के कोच बन गए हैं...'; श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर माइकल वॉन का बड़ा बयान
