श्रेयस अय्यर का कप्तानी डेब्यू रहा फीका, आयरलैंड से हार के बाद विराट, गिल और पंत की अनचाही सूची में हुए शामिल
लखनऊ/बेलफास्टः श्रेयस अय्यर के लिए भारतीय टी20 टीम के कप्तान के रूप में पहला मुकाबला यादगार नहीं रहा। बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मैच में भारत को आयरलैंड के खिलाफ 34 रन से हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ आयरलैंड ने पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत को मात दी।
टॉस जीतने के बाद श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए। जवाब में 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई।
कप्तानी के पहले टी20 मैच में हारने वाले चौथे भारतीय बने अय्यर
इस मुकाबले के साथ श्रेयस अय्यर एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर बैठे, जिसे कोई कप्तान नहीं बनाना चाहेगा। वह बतौर भारतीय कप्तान अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हारने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं।
इससे पहले विराट कोहली, ऋषभ पंत और शुभमन गिल भी कप्तानी के पहले टी20 मुकाबले में जीत दर्ज नहीं कर सके थे। अब श्रेयस अय्यर का नाम भी इसी सूची में शामिल हो गया है।
कप्तानी की शुरुआत में इन खिलाड़ियों को भी मिली थी हार
सबसे पहले साल 2017 में विराट कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी के बाद टी20 टीम की कमान संभाली थी। कप्तान के रूप में उनका पहला मुकाबला कानपुर में इंग्लैंड के खिलाफ हुआ, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में ऋषभ पंत ने पहली बार कप्तानी की, लेकिन उनके लिए भी शुरुआत हार के साथ हुई।
वहीं, 2024 में जिम्बाब्वे दौरे पर शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई थी। हरारे में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम को जिम्बाब्वे ने शिकस्त दी थी। अब 2026 में श्रेयस अय्यर भी इस अनचाही सूची का हिस्सा बन गए हैं।
बतौर कप्तान पहला टी20 मैच हारने वाले भारतीय खिलाड़ी
विराट कोहली – इंग्लैंड के खिलाफ, कानपुर (2017)
ऋषभ पंत – दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, दिल्ली (2022)
शुभमन गिल – जिम्बाब्वे के खिलाफ, हरारे (2024)
श्रेयस अय्यर – आयरलैंड के खिलाफ, बेलफास्ट (2026)
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद फिर हार से हुई शुरुआत
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम का यह पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था, लेकिन टीम जीत के साथ नए अभियान की शुरुआत नहीं कर सकी।
दिलचस्प बात यह है कि ऐसा ही घटनाक्रम 2024 में भी देखने को मिला था। उस समय टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत अपना पहला टी20 मुकाबला जिम्बाब्वे से हार गया था। उस मैच में टीम की कप्तानी शुभमन गिल ने संभाली थी।
यह भी पढ़ेंः क्या आपको पता है 11 जून को रचा गया था इतिहास, टीम इंडिया ने इसी दिन जीती थी अपनी पहली वनडे इंटरनेशनल जीत
