Trump Road: हैदराबाद में ट्रंप के नाम की सड़क, तेलंगाना सरकार ने बताया क्यों लिया यह बड़ा फैसला
वाशिंगटन / हैदराबाद। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के हैदराबाद में एक मुख्य मार्ग का नाम उनके नाम पर रखे जाने पर गहरी प्रसन्नता और आभार व्यक्त किया है। ट्रंप ने कहा कि इस तरह सम्मानित किए गए वह अमेरिका के पहले राष्ट्रपति हैं। यह सम्मान तेलंगाना सरकार द्वारा दिया गया है, जिसने हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से बिल्कुल सटी एक सड़क का नाम बदलकर ''डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू'' रख दिया है।
डिप्टी सीएम मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने किया अनावरण
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस सप्ताह की शुरुआत में हैदराबाद में आयोजित हुए आधिकारिक कार्यक्रम की एक तस्वीर भी साझा की। इस तस्वीर में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर द्वारा औपचारिक पट्टिका का अनावरण करते हुए देखा जा सकता है। इस घोषणा के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट साझा कर भारत का धन्यवाद किया। तस्वीर साझा करते हुए ट्रंप ने लिखा, ''भारत के हैदराबाद में नया 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू'। मैं इस तरीके से सम्मानित किया गया अमेरिका का पहला राष्ट्रपति हूं। धन्यवाद।''
टेक हब के पास है 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू'
भौगोलिक और व्यापारिक दृष्टि से यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन सहित अमेरिका की प्रमुख दिग्गज प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों के कार्यालयों के बेहद नजदीक है।
भारत-अमेरिका संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
तेलंगाना सरकार ने इस फैसले के पीछे की वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि सड़क का यह नया नाम अमेरिका को सम्मान देने और भारत-अमेरिका संबंधों में हैदराबाद की लगातार बढ़ती वैश्विक भूमिका को रेखांकित करने के लिए रखा गया है।
