बिहार के मुंगेर में बड़ा हादसा : स्नान के दौरान 4 सगी बहनों समेत 5 बच्चियां गंगा में डूबीं, एक का शव बरामद, अन्य की तलाश जारी
मुंगेर। बिहार में मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित श्यामपुर गंगा घाट पर बुधवार सुबह गंगा नदी में स्नान के दौरान एक छात्रा की डूबकर मौत हो गयी तथा चार अन्य लापता हो गयीं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्यामपुर बगचपरा मोहल्ले की रहने वाली क्रांति पासवान की बड़ी बेटी गंगा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए उसकी तीन बहनें तथा पड़ोस के चामू पासवान की बेटी नदी में उतरीं, लेकिन सभी पांचों युवतियां पानी डूब गईं।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया है,जबकि चार अन्य की तलाश राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम द्वारा की जा रही है। इस बीच मुंगेर के पूर्व भाजपा विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि लापता छात्राओं की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम युद्धस्तर पर अभियान चला रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान पांचों बच्चियां एक साथ नदी में उतरीं। अचानक वे गहरे पानी की ओर चली गईं और गंगा की तेज धारा में बह गईं। बच्चियों ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि वे संभल नहीं पाईं।
जानकारी के मुताबिक बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी, सोनम कुमारी और पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी बुधवार सुबह गंगा स्नान करने और गंगाजल भरने के उद्देश्य से बकचपरा गंगा घाट पहुंची थीं।

SDRF और गोताखोर ने चलाया सर्च अभियान
सर्च ऑपरेशन तेज : सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। साथ ही एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने गंगा नदी में व्यापक खोज अभियान शुरू किया।
