श्रीराम मंदिर चंदा चोरी : गोंडा में मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, FIR की मांग
गोंडा, अमृत विचार: कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। ज्ञापन पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा एवं जिला मीडिया प्रभारी शिव कुमार दुबे के संयुक्त नेतृत्व में उपजिलाधिकारी करनैलगंज एवं ईओ सुशील कुमार को सौंपा गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव त्रिलोकी नाथ तिवारी भी उपस्थित रहे। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रीराम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा मामला है।
उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में शामिल किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा न जाए तथा तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जब मंदिरों में चढ़ावे और दान की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तब आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की पारदर्शी जांच आवश्यक है ताकि जनता का विश्वास कायम रहे।
ज्ञापन में लखनऊ में हुई घटना में 15 युवाओं/छात्रों की मृत्यु की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई। साथ ही मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त कांग्रेस नेताओं ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं तथा अपात्र और गलत नामों को सूची से हटाया जाए, जिससे निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान का अधिकार सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रद्युम्न शुक्ला, संतोष ओझा, शुक्ला प्रसाद शुक्ला, इरशाद अहमद, सतेंद्र तिवारी, अवधेश तिवारी, ओमप्रकाश राजभर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
