IND-A vs ENG-A: रोमांचक मैच में इंग्लैंड ए ने इंडिया ए को 5 विकेट से धोया, सीरीज 1-1 से बराबर... अब फाइनल की जंग

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नॉर्थम्प्टन: कप्तान किरा चथली (53 रन) की कप्तानी पारी और बेस हीथ (40 रन) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ए की महिला टीम ने दूसरे टी-20 मैच में इंडिया ए को 5 विकेट से हरा दिया। नॉर्थम्प्टन के काउंटी ग्राउंड पर मिली इस जीत के साथ ही मेजबान इंग्लैंड ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब सीरीज का तीसरा और निर्णायक (फाइनल) मुकाबला गुरुवार को चेम्सफोर्ड में खेला जाएगा।

173 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने आसानी से किया चेज

इंडिया ए से मिले 173 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ए की शुरुआत शानदार रही। कप्तान किरा चथली और ग्रेस स्क्रिवेंस (39 रन) ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 61 रनों की साझेदारी की। इस जोड़ी की बदौलत इंग्लैंड ने पावरप्ले में 1 विकेट पर 68 रन कूट डाले। स्क्रिवेंस के आउट होने के बाद बेस हीथ ने मोर्चा संभाला। हीथ ने महज 23 गेंदों पर नाबाद 40 रनों की आक्रामक पारी खेलकर मैच को एकतरफा कर दिया और अपनी टीम को जीत की दहलीज पार कराई।

वृंदा दिनेश की 79 रनों की आक्रामक पारी गई बेकार

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए की टीम ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था।

सलामी बल्लेबाज दीया यादव ने पहले ही ओवर में तीन शानदार चौके जड़कर इरादे साफ कर दिए थे, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। इसके बाद वृंदा दिनेश ने मैदान के चारों तरफ शॉट्स खेले। उन्होंने पूर्वजा वेरलेकर और कप्तान अनुष्का शर्मा के साथ मिलकर तेज अर्धशतकीय साझेदारियां कीं। वृंदा ने 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें कई गगनचुंबी छक्के और चौके शामिल थे। इंग्लैंड ए की ओर से रियाना मैकडोनाल्ड-गे सबसे किफायती और सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और भारतीय रनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाया।

खराब फील्डिंग और ढीली गेंदबाजी पड़ी भारी

भारतीय टीम ने बल्लेबाजी में तो अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन गेंदबाजी और फील्डिंग में वो लय नजर नहीं आई। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से कट, ड्राइव और स्वीप शॉट्स खेलकर रन बटोरे। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों में वैष्णवी शर्मा, सिमरन दिल बहादुर, शबनम शकील और मीनू मणि ने विकेट जरूर चटकाए, लेकिन वे रनों की गति को रोकने में नाकाम रहे।

अब दोनों टीमों की नजरें चेम्सफोर्ड में होने वाले आखिरी और निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां सीरीज की ट्रॉफी का फैसला होगा।

यह भी पढ़ेंः 

संबंधित समाचार