फतेहपुर में पिता बना बेटे का कातिल: लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर की बेटे की हत्या, फायरिंग में बहू भी गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

फतेहपुर, अमृत विचार। जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार सुबह कहासुनी के बाद 70 वर्षीय रामखेलावन वर्मा ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से बेटे और बहू पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से बेटा अवनीश वर्मा की मौत हो गई, जबकि बहू मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी पिता फरार हो गया।

पुराने विवाद से बढ़ा तनाव

गांव के लोगों के अनुसार, रामखेलावन का अपने बड़े बेटे अवनीश से खेती-बाड़ी और पैसों को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह बहू मनीषा खेत से चारा काटकर घर लौटी थी। इसी दौरान किसी बात पर उसकी सास मिथिलेश से कहासुनी हो गई। शोर सुनकर अवनीश और रामखेलावन भी वहां पहुंच गए। अवनीश विवाद शांत कराने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी बात पर पिता और बेटे के बीच बहस शुरू हो गई।

फतेहपुर में पिता ने गोली मारकर की बेटे की हत्या बहू भी गंभीर घायल

बेटे को बचाने दौड़ी बहू

विवाद बढ़ने पर रामखेलावन कमरे से अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक निकाल लाया। उसने पहले बेटे अवनीश पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे के पास लगी। पति को बचाने के लिए आगे आई मनीषा को भी उसने निशाना बना लिया। गोली मनीषा के पेट में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को खून से लथपथ हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया।

इलाज के दौरान बेटे की मौत

अस्पताल में डॉक्टरों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीषा की हालत गंभीर होने पर पहले जिला अस्पताल और फिर कानपुर रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। गांव में दिनदहाड़े हुई इस घटना से दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

फतेहपुर में पिता ने गोली मारकर की बेटे की हत्या बहू भी गंभीर घायल (2)
मृतक बेटा अवनीश वर्मा (फाइल फोटो)

 

पुलिस पहुंची तो भाग निकला आरोपी

घटना के बाद रामखेलावन करीब 45 मिनट तक घर में ही मौजूद रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर वह साइकिल से फरार हो गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। अवनीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

फतेहपुर में पिता ने गोली मारकर की बेटे की हत्या बहू भी गंभीर घायल (1)
आरोपी पिता रामखेलावन वर्मा (फाइल फोटो)

 

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घरेलू विवाद के बाद यह घटना हुई है। आरोपी रामखेलावन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:- Varanasi Coaching Sealed: वाराणसी में एलेन, आकाश समेत 8 कोचिंग संस्थान सील, सुरक्षा मानकों में मिलीं खामियां

संबंधित समाचार