बांदा में मोरंग खदान कर्मियों से लूटकांड: नकदी और लाइसेंसी राइफल लूटने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार
बांदा, अमृत विचार। जिले की कोतवाली देहात थाना पुलिस ने मोरंग खदान कर्मियों से मारपीट कर नकदी और लाइसेंसी राइफल लूटने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मारपीट कर छीनी थी राइफल
पुलिस के अनुसार, एक मई की शाम चट-चटगन गांव स्थित मोरंग खदान पर चार पहिया वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने खदान कर्मियों के साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने उनसे नकदी छीन ली थी और एक कर्मचारी की लाइसेंसी राइफल भी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने चार मई को पैलानी थाना क्षेत्र के अमलोर गांव निवासी जितेंद्र उर्फ भूरा को लूटी गई राइफल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं।
दो और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए कोतवाली नगर क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित जंगल दफ्तर निवासी अनुराग को बांदा रोड पर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे से गिरफ्तार किया। वहीं, कटरा मोहल्ला निवासी गोविंद को उसके घर से पकड़ा गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें:- बिहार में SVU का बड़ा एक्शन, टेंडर घोटाले में IAS संजीव हंस समेत 7 आरोपियों के खिलाफ 4000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल
