बाराबंकी में किसानों को योजनाओं से जोड़कर बढ़ाएं आय, डीएम ने की बागवानी योजनाओं की समीक्षा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन और पर ड्रॉप मोर क्रॉप माइक्रो इरीगेशन योजना की प्रगति पर चर्चा की गई।

डीएम ने कहा कि बाराबंकी के प्रगतिशील किसान अधिक आय वाली विभिन्न फसलों की खेती कर रहे हैं। ऐसे किसानों को कृषि आधारित सरकारी योजनाओं और फसल बीमा योजना से जोड़ने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने चाहिए। किसानों को योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाएं। 

उन्होंने विकास खंड त्रिवेदीगंज के पान उत्पादक किसानों से संवाद कर खेती की चुनौतियों, विपणन व्यवस्था और बाजार उपलब्धता पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने थीम आधारित किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे किसानों को सामूहिक विपणन, बेहतर मूल्य और अधिक लाभ मिलेगा। 

उन्होंने फल, सब्जी, फूल, मसाला और मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को वैज्ञानिक खेती, विपणन और फसल प्रबंधन संबंधी नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। 

माइक्रो इरीगेशन योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने टपक और स्प्रिंकलर सिंचाई को जल संरक्षण एवं उत्पादन वृद्धि के लिए उपयोगी बताते हुए अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने और समयबद्ध अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला उद्यान अधिकारी प्रज्ञा उपाध्याय, मंडी सचिव, प्रगतिशील किसान तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  : 
Waste to Wealth: बाराबंकी में चायपत्ती और अंडे के छिलकों से बन रही जैविक खाद, डीएम ईशान प्रताप सिंह ने की सराहना

संबंधित समाचार