Barabanki News: बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया का सरकार पर हमला, बोले- पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खतरे में

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है। बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। उन्होंने इन मामलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कई परीक्षाओं का किया जिक्र

सांसद ने कहा कि वर्ष 2018, 2021, 2022, 2024 और 2026 के दौरान नीट समेत लेखपाल भर्ती, यूपी पुलिस सिपाही भर्ती, यूपीएसआई और आरओ-एआरओ जैसी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आए। उनका आरोप है कि हालिया नीट परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के बाद सरकार को परीक्षा दोबारा करानी पड़ी। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से छात्रों में तनाव बढ़ा है और कई युवाओं ने आत्महत्या जैसा कदम भी उठाया।

शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि उसकी जवाबदेही तथा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।

'छात्रों की गूंज' अभियान का जिक्र

सांसद ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए 'छात्रों की गूंज' अभियान के जरिए छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने शिक्षा के निजीकरण, सरकारी स्कूलों की घटती संख्या और शिक्षकों के खाली पदों को भी शिक्षा व्यवस्था की बड़ी चुनौतियां बताते हुए सभी के लिए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था की मांग की।

ये भी पढ़ें:- Prayagraj News: प्रयागराज में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने पति और जेठ पर लगाए गंभीर आरोप

संबंधित समाचार