हिट एंड रन : रंजिशन कार से टक्कर मारकर युवक की हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

साथी घायल, गुस्साए परिजनों ने 2 घंटे किया हसनपुर अलीगढ़ मार्ग जाम- रहरा थाना क्षेत्र के खैलिया खालसा गांव का मामला

रहरा (अमरोहा), अमृत विचार। बोलेरो चालक ने रंजिशन एक युवक को सामने से टक्कर मार दी। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने जमकर हंगामा काटा और हसनपुर अलीगढ़ मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर एएसपी, सीओ कई थानो की पुलिस व विधायक मौके पर पहुंच गए। परिजनों को बमुश्किल समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मामला रहरा थाना क्षेत्र के गांव खैलिया खालसा का है। मंगलवार शाम करीब 6ः30 बजे गांव निवासी रामनिवास उम्र करीब 18 वर्ष पुत्र स्वर्गीय विजयपाल गांव निवासी साथी सत्येंद्र व कृष्ण के साथ दौरारा से कुछ सामान लेकर अपने गांव खैलिया खालसा लौट रहा था। इसी बीच खैलिया पट्टी की तरफ से आ रही तेज गति की बोलेरो कार चालक ने रामनिवास के ऊपर कार चढ़ा दी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन उसको रहरा सीएचसी लेकर जा रहे थे। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिसके बाद गुस्साये परिजनों ने हसनपुर अलीगढ़ मार्ग पर ग्राम दौरारा में करीब दो घंटे रोड जाम किया। मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्र अधिकारी पंकज त्यागी के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोला। बताते चलें कि तीन दिन पूर्व मृतक रामनिवास के गांव खैलिया खालसा से हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहारी खादर एक बारात गई थी। जहां बारात में लुहारी खादर व खैलिया खालसा के युवकों के बीच मारपीट हो गई थी। मंगलवार को लुहारी खादर से मृतक रामनिवास के गांव में बारात आई हुई थी।

ग्रामीणों की मानें तो बरात में भी बरातियों तथा ग्रामीणों में किसी बात को लेकर हाथापाई हो गई थी। रामनिवास के चाचा चरन सिंह ने हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहारी खादर निवासी शिवम सागर चंदनपुर खादर निवासी रोहित तथा तीन अज्ञात साथियों खिलाफ रहरा थाने में उसके भतीजे रामनिवास को रंजिशन कार चढ़ाकर हत्या करने के संबंध में रहरा पुलिस को तहरीर दी थी।

वहीं बुधवार की दोपहर शव घर पहुंचने पर परिजनों और आक्रोशित भीड़ ने जमकर हंगामा काटा। आरोपियों का एनकाउंटर और बुल्डोजर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के समझाने पर परिजन माने। पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज त्यागी ने बताया कि मृतक रामनिवास के चाचा चरन सिंह की तहरीर पर शिवम सागर रोहित तथा तीन चार अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। रामनिवास अपने पिता स्वर्गीय विजयपाल के पांच बहन भाइयों में अकेला बेटा था। परिवार वालों का रो रो के बुरा हाल है।

संबंधित समाचार