प्रयागराज में राहुल गांधी के जन्मदिन से पहले 'सुप्रीम लीडर' वाला पोस्टर वायरल, तेज हुईं सियासी चर्चाएं
प्रयागराजः कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन से पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक पोस्टर जारी होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर जारी यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के स्थानीय नेता इरशाद उल्ला द्वारा जारी किए गए इस पोस्टर में राहुल गांधी को "भारत का सुप्रीम लीडर" बताया गया है। पोस्टर में राहुल गांधी के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने की अपील भी की गई है। पोस्टर में राहुल गांधी को "सत्य के पथिक", "जन-जन के नेता" और "भारत का गर्व" जैसे विशेषणों से संबोधित किया गया है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि सत्य, प्रेम और न्याय के मार्ग पर चलने वाला नेतृत्व ही देश को नई दिशा दे सकता है।
"खून का एक-एक कतरा समर्पित"
इरशाद उल्ला ने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि उनके जैसा नेकदिल और रहमदिल नेता दूसरा नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के गरीबों के सच्चे रहनुमा बन सकते हैं। पोस्टर में स्वयं को राहुल गांधी का बड़ा समर्थक बताते हुए इरशाद उल्ला ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह अपना "खून का एक-एक कतरा" भी उनके लिए समर्पित कर देंगे।
पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। समर्थक इसे राहुल गांधी के प्रति कार्यकर्ताओं की निष्ठा का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि विरोधी दलों के नेताओं द्वारा इस पर प्रतिक्रिया दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल इस पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया पर बहस का दौर जारी है।
