Barabanki News: बैठक में बोले डीएम- तीन वर्ष से अधिक पुराने चकबंदी वादों का शीघ्र करें निस्तारण
जिलाधिकारी ने पीठासीन अधिकारीवार लंबित प्रकरणों का परीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी वादों की नियमित सुनवाई कर गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है।
बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जनपद में संचालित चकबंदी कार्यों एवं लंबित वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न तहसीलों में चल रहे चकबंदी कार्यों, न्यायालयों में लंबित वादों तथा ग्रामवार प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पीठासीन अधिकारीवार लंबित प्रकरणों का परीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी वादों की नियमित सुनवाई कर गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है।
डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
डीएम ने उन ग्रामों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश भी दिए, जहां ग्रामीणों द्वारा चकबंदी प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए चकबंदी कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी (एसओसी) संजय कुमार विश्वास, चकबंदी अधिकारी, सहायक चकबंदी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
