लखीमपुर खीरी : जलाशय पर प्यास बुझाते बाघ को देख रोमांचित हुए पर्यटक

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मोबाइल और कैमरों में कैद किए दुर्लभ नजारे, दुधवा की प्राकृतिक खूबसूरती ने मोहा मन

पलियाकलां, अमृत विचार। दुधवा टाइगर रिजर्व में बुधवार अपराह्न भ्रमण पर निकले पर्यटकों को उस समय रोमांचक अनुभव हुआ, जब दक्षिण सोनारीपुर रेंज के एक जलाशय में बाघ पानी पीता दिखाई दिया। बाघ को इतने करीब से देखकर पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने तत्काल अपने मोबाइल फोन व कैमरों में इस दुर्लभ दृश्य को कैद कर लिया।

लखनऊ और दिल्ली से आए पर्यटकों का एक दल जिप्सियों से दक्षिण सोनारीपुर रेंज के वन क्षेत्र का भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान उनकी नजर एक जलाशय के पास पहुंचे बाघ पर पड़ी, जो गर्मी से राहत पाने और प्यास बुझाने के लिए पानी पी रहा था। बाघ के शांत अंदाज में जलाशय पर मौजूद रहने का दृश्य पर्यटकों के लिए यादगार बन गया। इन दिनों भीषण गर्मी के चलते दुधवा के वन्यजीव दोपहर बाद तापमान कम होने पर नदी, नालों और जलाशयों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों को वन्यजीवों की गतिविधियां देखने का बेहतर अवसर मिल रहा है। बाघ को पानी पीते देख पर्यटकों ने उसके फोटो और वीडियो बनाए तथा उन्हें अपने परिजनों और मित्रों के साथ साझा किया। दुधवा टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार को करीब से देखने का यह अनुभव पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बाघ के इस दर्शन की चर्चा देर तक पर्यटकों के बीच होती रही।

संबंधित समाचार