मथुरा जेल में अब कान्हा की पोशाक और मुकुट के साथ बनेंगी सुंदर मालाएं, महिला बंदियों को मिली ट्रेनिंग
मथुरा। मथुरा जिला कारागार में अब भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक और मुकुट के साथ-साथ उनके गले की सुंदर मालाएं भी तैयार होंगी। खजनी वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से पिछले एक हफ्ते से महिला बंदियों को इसके लिए ट्रेनिंग दी जा रही थी। जेल में बंद महिला कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को निखारने के लिए गुरुवार को इस नए प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई।
जिला जज, डीएम और एसएसपी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया उद्घाटन
गुरुवार को जिला जज विकास कुमार, जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर महिला बैरक में माला बनाने के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। जेल में बंद कैदियों से मिलने आने वाले उनके परिजनों को अब परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
परिजनों की सुविधा के लिए जेल के बाहर खुली 'हेल्प डेस्क'
जिला जज ने जेल के बाहर विशेष रूप से बनाई गई 'हेल्प डेस्क' का भी उद्घाटन किया। यह हेल्प डेस्क मुलाकात के लिए आने वाले लोगों की प्रक्रिया को आसान बनाने और उनकी सहायता के लिए काम करेगी। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया।
इस मौके पर अपर जिला जज राम कुमार पांडेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नितिन दीक्षित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह मौजूद रहीं। वहीं जेल प्रशासन की ओर से जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग, चिकित्साधिकारी डॉ. उपेंद्र पाल सिंह सोलंकी, जेलर सुरेंद्र मोहन सिंह और डिप्टी जेलर दुर्गेश प्रताप सिंह सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
इस दौरान रसोई में शाम का भोजन तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने वहां की साफ-सफाई पर संतोष जताया। अफसरों ने कारागार के अस्पताल का भी रुख किया। वहां भर्ती बीमार बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और इलाज की व्यवस्थाएं देखीं। जेल प्रशासन का दावा है कि निरीक्षण के दौरान जेल परिसर, बैरक और अस्पताल समेत सभी संवेदनशील जगहों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद पाई गई।
