बाराबंकी के होनहार क्रिकेटर नीलेश सिंह का स्पोर्ट्स हॉस्टल देवरिया के लिए चयन, जिले में खुशी की लहर
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी नीलेश सिंह का चयन खेल विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित स्पोर्ट्स हॉस्टल देवरिया में हुआ है। यह चयन क्रिकेट खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया के तहत किया गया।
नीलेश केडी सिंह 'बाबू' स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे और उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। चयन के बाद नीलेश सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच मयंक द्विवेदी को देते हुए उनके मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताया।
वहीं, कोच मयंक द्विवेदी ने कहा कि नीलेश शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और समर्पित खिलाड़ी रहे हैं। उनकी लगन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं और प्रशिक्षण खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
