Amethi News: सड़क किनारे मिला नशे में धुत सिपाही, वीडियो वायरल होते ही SP का बड़ा एक्शन; तत्काल निलंबित
सगरा तिराहे के पास सड़क किनारे पड़े सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया। जांच में प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता सामने आने पर एसपी ने तत्काल निलंबन के आदेश दिए।
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी सिपाही सड़क किनारे नशे की हालत में पड़ा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना अमेठी कोतवाली क्षेत्र के सगरा तिराहे के पास की है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल इसका संज्ञान लिया।
जांच में सामने आई पहचान, तुरंत हुआ निलंबन
पुलिस जांच में पता चला कि वीडियो में दिखाई देने वाला पुलिसकर्मी फायर स्टेशन अमेठी में तैनात एक सिपाही है। प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सरवरणन टी ने संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
SP बोले- अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक सरवरणन टी ने कहा कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्दीधारी कर्मियों से जिम्मेदार और अनुशासित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार की स्थिति विभाग की छवि को प्रभावित करती है और आम लोगों के बीच गलत संदेश देती है। इसलिए ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
