फिरोजाबाद : बैंक लॉकर से गिरवी रखा सोना गायब, मुख्य चाबी धारक कर्मचारी फरार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा के लॉकर से ग्राहकों द्वारा गिरवी रखा गया सोना कथित तौर पर गायब हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, अरांव थाना क्षेत्र स्थित बैंक की भरौल शाखा के लॉकर से गिरवी रखे गए सोने के कुल 96 पैकेट गायब हैं। बैंक ऑफ इंडिया के आगरा क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत तीन कर्मचारियों के खिलाफ बुधवार रात अरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

बिना किसी को बताया गायब है कर्मचारी 

पुलिस अधीक्षक आदित्य लागेंह ने बताया कि शिकायत के अनुसार शाखा के कर्मचारी और लॉकर की मुख्य चाबी धारक एवं इटावा जिले के बासगांव गांव के निवासी दिलीप कुमार 27 मई से बिना सूचना के अनुपस्थित हैं। उनके अनुपस्थित रहने के कारण लॉकर संबंधी कार्य प्रभावित हो गया था।

उन्होंने बताया कि जब बैंक अधिकारियों का उनसे संपर्क नहीं हो सका, तो संदेह होने पर मामले की सूचना आगरा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को दी गई। इसके बाद 15 जून को घिरोर शाखा के वरिष्ठ सुरक्षा प्रबंधक अंकित तथा वरिष्ठ प्रबंधक (सुरक्षा) सुशील कुमार को भरौल शाखा भेजा गया। 

पुलिस के अनुसार, दूसरी चाबी की व्यवस्था कर वीडियोग्राफी के बीच बैंक के पैनल अधिवक्ता शिव कुमार शर्मा की मौजूदगी में लॉकर खोला गया और देखा कि लॉकर से 'गोल्ड लोन' के 96 पैकेट गायब थे। पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी में सोने के वजन या कीमत का उल्लेख नहीं है, लेकिन इसकी कीमत करोड़ों रुपये होने का अनुमान है। 

मामले में पूर्व शाखा प्रबंधक संदीप यादव, कर्मचारी अधिकारी दिलीप कुमार तथा क्रेडिट अधिकारी/कर्मचारी अधिकारी एवं हाथरस जिले के निवासी नरेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अरांव थाना प्रभारी ऋषि कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। निगरानी इकाई सहित पुलिस की विभिन्न टीम आरोपियों का पता लगाने और गायब सोना बरामद करने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। 


ये भी पढ़ें  : 
स्वदेशी ब्रांड 'Tulo' के लॉन्च पर बनारस के बुनकरों को याद कर भावुक हुए पंकज त्रिपाठी, जानिए क्या कहा

संबंधित समाचार