Rampur News: विधवा से शादी की जिद बनी मौत की वजह, प्रेमी मनोज की हत्या का खुलासा; महिला समेत तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

रामपुर/मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र के दयानाथपुर निवासी मनोज (35) की हत्या के मामले का अजीमनगर थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, विधवा महिला से शादी की जिद ही उसकी मौत की वजह बनी। इस मामले में पुलिस ने विधवा सरवती, उसके बेटे सागर और देवर हरिचंद्र उर्फ हरिया को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, बीती 16 जून को मनोज पुत्र धर्म सिंह का सिर कुचला शव अजीमनगर थाना क्षेत्र के खंडिया गांव में मिला था।

दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस के मुताबिक, मनोज और खंडिया गांव निवासी विधवा सरवती के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। मनोज अक्सर सरवती के घर आता-जाता था, जिससे गांव में दोनों के रिश्ते की चर्चा होने लगी थी। पहले सरवती के अपने देवर हरिचंद्र से भी निजी संबंध थे, लेकिन मनोज के करीब आने के बाद उसने हरिचंद्र से बातचीत बंद कर दी थी। इससे हरिचंद्र मनोज से रंजिश रखने लगा। वहीं, मनोज सरवती से शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ था, लेकिन मनोज की बहनों ने इस रिश्ते का विरोध किया था।

शराब पीकर पहुंचा था घर

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 14 जून की शाम मनोज शराब के नशे में सरवती के घर पहुंच गया था। सरवती ने अपने देवर हरिचंद्र को बुला लिया। इसी दौरान मनोज और हरिचंद्र के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद सरवती का बेटा सागर भी घर पहुंच गया। आरोप है कि सरवती ने बेटे से कहा कि मनोज ने उसे बहुत परेशान कर रखा है और आज उसका काम तमाम कर दो।

ईंट से कुचलकर की हत्या

इसके बाद सागर और हरिचंद्र मनोज को बहाने से गांव के बाहर बीएल स्कूल के पास यूकेलिप्टस के खेत में ले गए। पीछे से सरवती भी वहां पहुंच गई। तीनों ने मिलकर पहले मनोज की पिटाई की और फिर हरिचंद्र ने पास में पड़े ईंट के टुकड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद मनोज वहीं गिर पड़ा और कुछ देर तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ईंट का टुकड़ा पास के मक्का के खेत में फेंककर घर लौट गए।

विधवा से शादी की जिद प्रेमी मनोज की हत्या

तीनों आरोपी गिरफ्तार

मनोज की बहन की तहरीर पर पुलिस ने सरवती, उसके बेटे सागर और देवर हरिचंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच और पूछताछ के बाद अजीमनगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को हाजी मुस्ताक की धान मिल के पीछे नगलिया आकिल जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। हरिचंद्र की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

अजीमनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल के नेतृत्व में सर्विलांस टीम और पुलिसकर्मियों ने इस हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:- Rampur News : नाबालिग को ले जाने पर बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार

संबंधित समाचार